चौबट्टाखाल से टिकट कटने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय सचिव बनाए गए तीरथ सिंह रावत ने अपने अभिनंदन समारोह में कहा कि कार्यकर्ता का वजूद हमेशा बना रहता है। उन्होंने भाजपा आलाकमान का आभार प्रकट करते हुए यह भी कहा कि पार्टी में समय-समय पर कार्यकर्ताओं को तरासने का कार्य चलता रहता है। उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपा जाने इसी कवायद का हिस्सा है।
बुधवार को भाजपा महानगर कार्यालय में नव नियुक्त राष्ट्रीय सचिव तीरथ सिंह रावत का अभिनंदन किया गया। कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं से लादते हुए भरपूर प्यार लुटाया। अपने सम्मान से गदगद रावत ने कार्यकर्ताओं को देवतुल्य बताते हुए यह भी कहा कि उनकी ही बदौलत वह इस मुकाम तक पहुंच पाए हैं।
साथ ही कहा कि हर कार्यकर्ता को सांगठनिक ढांचे में निरंतर आगे बढ़ते रहने का प्रयास करना चाहिए। हर पद परीक्षा के समान होता है और राष्ट्रीय सचिव का यह पद भी उनके लिए परीक्षा के समान है। समारोह में वरिष्ठ नेता ऋषिराज डबराल, प्रदेश सचिव सुनील उनियाल गामा ने तीरथ रावत को राष्ट्रीय सचिव बनाने पर राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार जताया। अभिनंदन समारोह का संचालन महानगर महामंत्री अदित्य चौहान ने किया। इस अवसर पर चौ. अजीत सिंह, पुनीत मित्तल, बृजलेश गुप्ता, आरएस परिहार, मणिक निधि शर्मा, संदीप मुखर्जी, सीताराम भट्ट, श्याम अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।
source